विधानसभा चुनाव 2023 : राजस्थान में पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पेट्रोल- डीजल के दामों की समीक्षा कर जनहित में फैसला लिया जाएगा। राजस्थान के पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार हैं। वहां पर राजस्थान से सस्ता पेट्रोल-डीजल है। कांग्रेस सरकार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। राजस्थान में तीन दिसंबर को कांग्रेस सरकार छूमंतर हो जाएगी।
राष्ट्रीय लोक संवाद (न्यूज़ डेस्क) : 21 नवंबर 2023
विधानसभा चुनाव 2023 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर पेट्रोल- डीजल के दामों की समीक्षा कर जनहित में फैसला लिया जाएगा। राजस्थान के पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार हैं। वहां पर राजस्थान से सस्ता पेट्रोल-डीजल है। कांग्रेस सरकार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। किसी भी कोने में कांग्रेस नहीं बचनी चाहिए, देखते-देखते यहां से भी तीन दिसंबर को कांग्रेस सरकार छूमंतर हो जाएगी। यह बातें उन्होंने मंगलवार को राजस्थान के बारां में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
विधानसभा चुनाव 2023 : उन्होंने कहा कि राजस्थान में दंगाई जेल की जगह मुख्यमंत्री आवास में रेड कार्पेट पर चल रहे हैं। सरेआम गला काटा जा रहा है। समाज विरोधी ताकतों के हौंसले बुलंद है। कांग्रेस के मंत्री दंगाइयों व महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं। रामनवमी, हनुमान जयंती और होली जैसे त्योहार दंगों की भेंट चढ़ जाते हैं। कर्फ्यू लगाए जाते हैं लेकिन पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआई) की रैली बंदोबस्त से करवाई जाती है। तुष्टीकरण की गुलाम कांग्रेस सरकार आतंक परस्तों से डरती है।
प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी
विधानसभा चुनाव 2023 : पीएम ने कहा कि मेरी गारंटी है कि हर गरीब के घर पक्की छत हो, मुफ्त इलाज और राशन मिले। सरकार की जिन सुविधाओं का लाभ अब तक गरीबों को नहीं मिला वो सुविधाएं देने वाली मोदी की गारंटी की गाड़ी जल्द ही आपके इलाके में आ रही है। मोदी की गारंटी पूरी होकर रहती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस मंत्रियों पर निशाना साधा
विधानसभा चुनाव 2023 : उन्होंने कहा कि सीएम के करीबी मंत्री कहते है कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। वो तो ऐसे प्रमाण पत्र दे रहे हैं, जैसे बहनों-बेटियों पर अत्याचार करना अत्याचारियों का अधिकार है। क्या कोई नारी का अपमान करे, उसे कोई मर्द कहता है क्या? गहलोत के दरबारी लूट रहे हैं। सीएम की क्या मजबूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा, कोटा चंबल रिवर फ्रंट में घोटाला हुआ है। लोगों पर दबाव बनाकर कांग्रेस ने जिस चंबल रिवर फ्रंट पर लगे घंटे को जबरन खुलवाने की कोशिश की, जिससे एक मजदूर और एक इंजीनियर की मौत हो गई। भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और परिवारवाद कांग्रेस की पहचान है।
भाजपा की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण
विधानसभा चुनाव 2023 : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भाजपा की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण है। वहीं कांग्रेस की प्राथमिकता महिलाओं का अपमान और अत्याचार है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री कहते हैं कि महिलाएं दुष्कर्म के झूठे आरोप लगाती है, कांग्रेस दुष्कर्म के आरोपितों का साथ देती है।। यह माताओं और बहनों का अपमान है। माताओं-बहनों के संस्कार पर उन्होंने कलंक लगाने की कोशिश की है।
हादसे की जांच करवाकर न्याय भी सुनिश्चित करेगी -प्रधानमंत्री मोदी
विधानसभा चुनाव 2023 : सरकार बनने पर भाजपा हादसे की जांच करवाकर न्याय भी सुनिश्चित करेगी। प्रदेश के खान मंत्री प्रमोद जैन भाया का नाम लिए बिना प्रधानमंत्री ने कहा, यहां कांग्रेस के विधायक कहते हैं कि भाया रे भाया खूब खाया। कांग्रेस सरकार में मंत्री और विधायक बेलगाम और जनता त्रस्त हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, आजकल लाल डायरी की चर्चा है। लाल डायरी के पन्ने जैसे-जैसे खुल रहे हैं वैसे-वैसे जादूगर(सीएम गहलोत) के चेहरे की हवाइयां उड़ रही है। लाल डायरी में साफ लिखा है कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में आपके जल, जंगल और जमीन को कैसे बेचा है।
कांग्रेस के नेताओं की तिजोरियों में जमा कालाधन
विधानसभा चुनाव 2023 : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, तबादलों से कांग्रेस के नेताओं ने तिजोरियां भरी है। पेपर लाखों में बेचे गए हैं। काला धन तिजोरियों में जमा किया गया है। उसका लाकर टूटेगा और वह लाकअप (जेल) में जाएगा। राजस्थान को लूटने वाला कोई भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा।